बीजिंग। चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग 2026 शांगहाई सहयोग संगठन (एससीओ) के बिश्केक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और किर्गिस्तान की राजकीय यात्रा करेंगे। इसी बीच, चाइना मीडिया ग्रुप (सीएमजी) द्वारा निर्मित 'शी चिनफिंग के पसंदीदा कालजयी उद्धरण' के बहुभाषी संस्करण का प्रसारण 30 अगस्त से कई एससीओ सदस्य देशों के प्रमुख मीडिया संस्थानों में शुरू होगा।
इन प्रसारण प्लेटफॉर्म में किर्गिस्तान नेशनल टेलीविजन एंड रेडियो ब्रॉडकास्टिंग कंपनी, बेलारूस की 'पीस' इंटरनेशनल ब्रॉडकास्टिंग एंड टेलीविजन कंपनी, कजाखिस्तान के राष्ट्रपति का टीवी और रेडियो कॉम्प्लेक्स, पाकिस्तान टेलीविजन कंपनी, रूसी स्टेट मीडिया ग्रुप और उज्बेकिस्तान नेशनल टेलीविजन एंड रेडियो ब्रॉडकास्टिंग कंपनी आदि शामिल हैं।
यह कार्यक्रम आर्थिक विकास, तकनीकी नवाचार, पारिस्थितिक सभ्यता और सामाजिक कल्याण जैसे विषयों पर केंद्रित है। इसमें राष्ट्रपति शी चिनफिंग के महत्वपूर्ण भाषणों और लेखों में उद्धृत प्राचीन चीनी ग्रंथों के चुनिंदा उत्कृष्ट उद्धरण शामिल किए गए हैं। ये उद्धरण उनके शासन दर्शन की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक नींव को समझने में मदद करते हैं। साथ ही, वैश्विक मुद्दों से निपटने में चीन के अनुभव और बुद्धिमत्ता को भी सामने रखते हैं।
इस बीच, हाल के दिनों में एससीओ सदस्य देशों के प्रमुख मीडिया संस्थानों ने इस कार्यक्रम का व्यापक पूर्वावलोकन किया है। किर्गिस्तान के समाचार पत्र 'स्लोवो किर्गिस्ताना' ने अपने मुखपृष्ठ पर कार्यक्रम का पूर्वावलोकन और एक विशेष लेख प्रकाशित किया। इसमें कहा गया कि यह कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय नजरिए से नए युग में चीन की कहानी बताता है और राष्ट्रपति शी चिनफिंग की राजनीतिक बुद्धिमत्ता तथा सांस्कृतिक पृष्ठभूमि को दर्शाता है। साथ ही, यह सभ्यता और विकास को लेकर चीन के विचारों को समझने का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी उपलब्ध कराता है।
जानकारी के अनुसार, 25 अगस्त से बिश्केक, मॉस्को, मिन्स्क और अन्य शहरों के प्रमुख इलाकों में बाहरी स्क्रीन पर कार्यक्रम के पोस्टर प्रदर्शित किए गए हैं। स्थानीय लोगों ने कार्यक्रम को लेकर काफी उम्मीदें जताई हैं। उनका मानना है कि इसमें बताए गए शासन संबंधी विचार एससीओ सदस्य देशों के विकास को नई प्रेरणा दे सकते हैं और साझा भविष्य वाले एक अधिक घनिष्ठ एससीओ समुदाय के निर्माण में योगदान कर सकते हैं।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)




