छतरपुर, शिवम सोनी। मंगलवार को कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक की जनसुनवाई के दौरान एक युवक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया। युवक संचित राजपूत का आरोप है कि जमीन विवाद के चलते कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की, जबकि एक महिला ने उसके विरुद्ध छेड़छाड़ का झूठा मामला दर्ज करा दिया। मामले को लेकर उसने निष्पक्ष जांच की मांग की है। मारपीट के मामले पर पुलिस आरोपी पक्ष अज्ञात लोगों पर मारपीट का मामला सिविल लाइन में दर्ज कर लिया है।
वहीं दूसरी ओर वंदना राजपूत ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि उनका छोटा पुत्र राजेन्द्र राजपूत और उसका मित्र मनीष तिवारी उनके सागर रोड स्थित मकान पर पहुंचे, जहां उन्होंने किरायेदारों से गाली-गलौज कर मकान खाली करने की धमकी दी। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि राजेन्द्र ने तीन करोड़ रुपये और मकान अपने नाम करने का दबाव बनाया तथा ऐसा न करने पर बड़े पुत्र को झूठे छेड़छाड़ या दुष्कर्म के मामले में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी। काशीबाई ने अपने छोटे पुत्र को नशे का आदी बताते हुए पूर्व में की गई शिकायतों की प्रतियां भी आवेदन के साथ संलग्न की हैं। उन्होंने पुलिस से राजेन्द्र राजपूत एवं उसके साथी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने तथा उनके बड़े पुत्र के खिलाफ कथित झूठी शिकायतों पर बिना जांच कोई कार्रवाई नहीं करने की मांग की है।




