छतरपुर, शिवम सोनी। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली के भुगतान को लेकर चल रहा विवाद रविवार को हिंसक झड़प में बदल गया। श्रीराम कॉलोनी, सटई रोड निवासी भजन लाल यादव (40) के साथ कथित तौर पर लाठी-डंडों से मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


पीड़ित भजन लाल यादव ने बताया कि उसने ट्रैक्टर-ट्रॉली बनवाने के लिए करीब 1 लाख 30 हजार रुपये जमा किए थे। आरोप है कि अनिल यादव और पूरन यादव ने ट्रॉली ले जाने के बहाने उसे बुलाया। वहां पहुंचने पर दोनों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया।


भजन लाल का कहना है कि भुगतान विवाद को लेकर वह पहले ही सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज करा चुका था, जिस पर पुलिस ने एनसीआर दर्ज की थी। आरोप है कि इसी शिकायत से नाराज होकर आरोपियों ने उस पर हमला किया। मारपीट में उसके हाथ और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं।


घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों की मदद से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।