मैहर। नीट (NEET) परीक्षा लीक मामले को लेकर देशव्यापी आक्रोश के बीच आज दोपहर मैहर में युवक कांग्रेस ने एक बड़ा और उग्र प्रदर्शन किया। यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया और जिला अध्यक्ष सौरभ शर्मा के नेतृत्व में हजारों की संख्या में युवा कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने रेलवे स्टेशन की ओर कूच कर 'ट्रेन रोको आंदोलन' करने का प्रयास किया, जिससे स्टेशन परिसर और आसपास के इलाके में भारी अफरा-तफरी मच गई। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन पहले से ही पूरी तरह मुस्तैद था। रेलवे स्टेशन परिसर को छावनी में तब्दील कर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा पहले से ही मजबूत बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोकने के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जैसे ही हजारों की तादाद में कार्यकर्ता वहां पहुंचे, उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी।
बैरिकेडिंग तोड़ आगे बढ़ने का प्रयास, पुलिस ने किया गिरफ्तार
प्रदर्शनकारियों ने नीट परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं और पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। करीब एक घंटे तक चले इस हंगामे के दौरान जब आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़कर जबरन आगे बढ़ने और स्टेशन में घुसने की कोशिश की, तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया और जिला अध्यक्ष सौरभ शर्मा सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
छात्रों के भविष्य के साथ हुआ खिलवाड़: यूथ कांग्रेस
गिरफ्तारी के दौरान कुछ समय के लिए मौके पर तीखी झड़प और तनाव की स्थिति भी निर्मित हुई, हालांकि पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी से हालात पूरी तरह नियंत्रण में रहे। इस दौरान यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया ने कहा कि नीट परीक्षा लीक मामले ने देश के लाखों होनहार छात्रों के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है। सरकार दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही है, लेकिन कांग्रेस छात्रों के हक की लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक लड़ेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई होने तक शांत नहीं बैठेगी। इस पूरी कार्रवाई के दौरान मैहर सीएसपी महेंद्र सिंह और एसडीएम दिव्या पटेल भी पुलिस बल के साथ मौके पर डटे रहे।

