इंदौर, रविकांत वर्मा। एरोड्रम थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई युवक रोहित की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए इसे हत्या का मामला बताया है। जांच के बाद पुलिस ने मृतक के चार दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार रोहित अपने परिचित दोस्तों के साथ एक कमरे में चल रही पार्टी में शामिल होने गया था। पार्टी के दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और रोहित को गंभीर चोटें आईं। आरोपियों में मिलन, पिंटू, मीत सहित एक अन्य युवक शामिल है, जो मृतक के करीबी दोस्त बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद आरोपी घायल रोहित को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत के बाद सभी आरोपी अस्पताल से फरार हो गए। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध लग रहा था, लेकिन पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चारों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने दोस्ती को खूनी संघर्ष में बदल दिया, जिसके चलते रोहित की जान चली गई। मामले में आगे की जांच जारी है।

