मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह हुई एक सनसनीखेज हत्या के बाद शहर में तनाव का माहौल बन गया। अभिनंदन कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय रवि माली की अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। घटना से आक्रोशित परिजन और माली समाज के लोगों ने गांधी चौराहे पर चक्काजाम कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, उनके मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। बाद में एडिशनल एसपी तेरसिंह बघेल के आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, रवि माली शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे रोज की तरह अपने खेत पर फूल तोड़ने के लिए निकले थे। इसी दौरान सुंदरम वाटिका के पास पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात बदमाशों ने उन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना के विरोध में पहले परिजन और समाजजन कोतवाली थाने पहुंचे, इसके बाद गांधी चौराहे पर चक्काजाम कर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई, मकानों पर बुलडोजर चलाने और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
मौके पर पहुंचे एडिशनल एसपी तेरसिंह बघेल ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर निष्पक्ष जांच और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया। आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया और परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने घर ले गए।
फिलहाल शहर कोतवाली पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

