अनूपपुर,दिवाकर विश्वकर्मा। रामनगर पुलिस ने साइबर अपराध के एक प्रकरण में तत्परता दिखाते हुए पीड़ित को न्याय दिलाया है। साइबर फ्रॉड के शिकार आवेदक रोहित कुमार रवि (पिता—हीरालाल रवि), उम्र 21 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 12, झीमर, थाना रामनगर, जिला अनूपपुर को न्यायालय के आदेशानुसार फ्रीज की गई पूरी राशि वापस कराई गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवेदक द्वारा दिनांक 18.12.2025 को स्वयं के साथ हुए साइबर फ्रॉड के संबंध में लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई थी। शिकायत के आधार पर थाना स्तर पर साइबर एनसीआरपी पोर्टल पर प्रकरण दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की गई।
पुलिस थाना रामनगर द्वारा धारा 106 दण्ड प्रक्रिया संहिता के अंतर्गत ₹80,899.95 की राशि होल्ड/जप्त की गई। आवेदक के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, शाखा पौराधार के खाते की ट्रांजेक्शन स्टेटस रिपोर्ट प्राप्त कर विधिवत परीक्षण किया गया।
माननीय न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, कोतमा, जिला अनूपपुर (म.प्र.) द्वारा पारित आदेश के अनुपालन में थाना रामनगर पुलिस द्वारा जप्त/होल्ड की गई 100% राशि ₹80,899/- आवेदक को अंतरिम सुपुर्दगी के रूप में प्रदान की गई।
यह संपूर्ण कार्यवाही पुलिस अधीक्षक श्री मोती उर रहमान के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगनाथ मरकाम एवं एसडीओपी कोतमा श्रीमती आरती शाक्य के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। कार्रवाई में थाना प्रभारी सुमित कौशिक, प्रधान आरक्षक क्रमांक 54 राहुल प्रजापति, आरक्षक पंकज मिश्रा तथा साइबर सेल अनूपपुर की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस की अपील:
रामनगर पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी प्रकार के साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, अज्ञात कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी या बैंक संबंधी गतिविधियों से सावधान रहें। साइबर अपराध होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें अथवा cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।

