भोपाल। राजधानी भोपाल के बैरागढ़ इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ पन्नी बीनने का काम करने वाली 12 साल की मासूम बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है।


कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पीछे खंडहर में मिला शव

बच्ची का शव बैरागढ़ स्थित कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पीछे एक वीरान खंडहर से संदिग्ध अवस्था में बरामद किया गया: परिजनों के अनुसार, बच्ची बैरागढ़ फाटक रोड स्थित झुग्गी बस्ती में रहती थी और कचरा व पन्नी बीनकर परिवार का सहारा बनती थी। वह बीते कल रात करीब 8:00 बजे अचानक अपने घर से निकली थी, जिसके बाद काफी देर तक वापस नहीं लौटी। बच्ची के अचानक गायब होने से चिंतित परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने देर रात बैरागढ़ थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।


यह भी पढिए: पूर्व जज सास और पति की बढ़ीं मुश्किलें: ट्विशा शर्मा केस में निष्पक्ष सुनवाई के लिए सुप्रीम कोर्ट पहुंचे पिता


एफएसएल टीम और एसीपी मौके पर, साक्ष्य जुटाने में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत हरकत में आए: बैरागढ़ एसीपी (ACP) और स्थानीय पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। इसके साथ ही फॉरेंसिक (FSL) की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। एफएसएल टीम ने खंडहर और आसपास के इलाके से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र करना शुरू कर दिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और बच्ची के आखरी बार देखे जाने के संबंध में परिजनों व स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।


यह भी पढिए: दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा: 20 अक्टूबर को उज्जैन से अयोध्या के लिए होंगे रवाना, 5 नदियों का जल लेकर चलेंगे पैदल


पुलिस का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।