सतना, सजल रजक। मैहर में जारी नवरात्र मेले की भीड़भाड़ के बीच रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था दांव पर लगी हुई है। सतना रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के तमाम दावों की धज्जियां उस वक्त उड़ गईं जब प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर बीती रात युवकों के बीच खूनी संघर्ष छिड़ गया और पुलिसकर्मी केवल तमाशबीन बने देखते रहे।
चाय के लेन-देन को लेकर शुरू हुआ था विवाद
घटना गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात करीब दो बजे की है। वास्कोडिगामा एक्सप्रेस से मैहर मेले के लिए उतरे कुछ युवकों के बीच चाय के पैसों को लेकर आपसी विवाद पैदा हो गया। शुरुआती कहासुनी इतनी बढ़ गई कि बात लात-घूंसों और मारपीट तक पहुंच गई। प्लेटफॉर्म पर सरेआम हो रहे इस हंगामे से यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस की मौजूदगी में भी बेखौफ लड़ते रहे युवक
विवाद की सूचना मिलने पर रेल पुलिस के तीन जवान तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन उनकी मौजूदगी का हुड़दंगियों पर कोई असर नहीं हुआ। पुलिस के सामने ही युवक एक-दूसरे पर पिल पड़े। हालांकि कुछ देर बाद जवान एक युवक को हिरासत में लेकर आगे बढ़े, लेकिन उनके हटते ही बाकी बचे युवकों ने फिर से मारपीट शुरू कर दी। मौके पर जीआरपी और आरपीएफ के चार जवानों के होने की बात सामने आई है, बावजूद इसके वे भीड़ के बीच व्यवस्था संभालने में असफल दिखे।
वायरल वीडियो ने खोली सुरक्षा व्यवस्था की पोल
शुक्रवार सुबह इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद नवरात्र मेले के अवसर पर रेलवे प्रशासन द्वारा किए जा रहे सुरक्षा के तमाम दावों की पोल खुल गई है। इस लापरवाही के बाद यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेल पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।

















