सतना, सजल कुमार रजक। मध्य प्रदेश के सतना जिले में गुरुवार देर रात चोरों की धरपकड़ के लिए निकली पुलिस टीम के साथ एक दर्दनाक हादसा हो गया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के विराट नगर में सर्चिंग के दौरान मकान के पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो पुलिस जवान गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में बुरी तरह जख्मी आरक्षक आनंद सिंह की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें सघन निगरानी में आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जबकि प्रधान आरक्षक विवेक द्विवेदी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि विराट नगर स्थित एक रिहायशी मकान में संदिग्ध चोर घुसा हुआ है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाने से तीन सदस्यीय पुलिस दल तत्काल मौके पर पहुंचा और इलाके की घेराबंदी शुरू की। चोर की तलाश में जवान जब मकान की दूसरी मंजिल की ओर बढ़े, तभी वहां लगा एक लोहे का पाइप पास से गुजर रही 11 केवी की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। पाइप में जोरदार करंट प्रवाहित होने से सर्चिंग कर रहे आरक्षक आनंद सिंह और प्रधान आरक्षक विवेक द्विवेदी बुरी तरह झुलसकर जमीन पर गिर पड़े।
करंट का जोरदार झटका लगने से आरक्षक आनंद सिंह के सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं और वे अचेत हो गए। मौके पर मौजूद अन्य जवानों और स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। आनंद सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत आईसीयू में शिफ्ट कर उपचार शुरू कर दिया है। वहीं, आंशिक रूप से घायल प्रधान आरक्षक विवेक द्विवेदी को प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराने के बाद छुट्टी दे दी गई। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रीति विश्वकर्मा अस्पताल पहुंचीं और डॉक्टरों से घायल जवान की स्वास्थ्य स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।
मामले की जानकारी देते हुए सतना सीएसपी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस टीम कर्तव्य निर्वहन के दौरान चोर की घेराबंदी कर रही थी, तभी लोहे के पाइप के हाईटेंशन तार से छू जाने के कारण यह दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना घटी। सीएसपी ने बताया कि घायल आरक्षक को बेहतर से बेहतर चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है और वरिष्ठ अधिकारी लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं, पुलिस के पहुंचने से पहले ही अंधेरे का फायदा उठाकर संदिग्ध चोर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की अन्य टीमें जुटी हुई हैं।

















