छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। ईद-उल-अजहा से पहले छिंदवाड़ा में ऐसा नजारा देखने को मिला जिसने पूरे शहर का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। यातायात थाने के सामने पहली बार प्रदेश स्तरीय “बकरा लॉन्चिंग शो” आयोजित किया गया, जहां 3 लाख से 5 लाख रुपये कीमत वाले 15 हाई प्रोफाइल बकरों को किसी VIP इवेंट की तरह मंच पर उतारा गया। कार्यक्रम से पहले शहरभर में पोस्टर, पर्चे और सोशल मीडिया के जरिए ऑनलाइन दावत देकर लोगों को आमंत्रित किया गया था, जिसके चलते हजारों की भीड़ मौके पर जुट गई। रात करीब 9 बजे जैसे ही DJ की तेज धुन, रंग-बिरंगी लाइट और आतिशबाजी के बीच बकरों की एंट्री शुरू हुई, पूरा इलाका तालियों और हूटिंग से गूंज उठा। 100 से 150 किलो वजन वाले विशाल बकरों को फूल-मालाओं और सुरक्षा घेरे के बीच मंच तक लाया गया। हर बकरे की कीमत और वजन माइक से अनाउंस किया जा रहा था। इस पूरे आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था भी VIP लेवल की दिखाई दी। बकरों के आसपास ठीक उसी तरह बॉडीगार्ड तैनात किए गए थे जैसे नेताओं या बड़े वीआईपी के पीछे सुरक्षा घेरा रहता है। बकरों को मंच तक लाने और भीड़ से सुरक्षित रखने के लिए लगातार सिक्योरिटी मूवमेंट दिखाई दिया। कार्यक्रम की सबसे खास बात रही हाई-टेक रिकॉर्डिंग। आसमान में ड्रोन कैमरे लगातार पूरे शो को कैद करते नजर आए, जबकि नीचे हजारों लोग मोबाइल से वीडियो, लाइव और रील्स बनाते दिखाई दिए। ‘TEAM भारत KING’ के बैनर तले हुए इस कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के कई जिलों के अलावा महाराष्ट्र और अन्य राज्यों से भी बकरा पालक पहुंचे। बाहर से आए पशुपालकों का मंच पर सम्मान भी किया गया। किसानों और बकरा पालने वालों के हौसले बढ़ाने के लिए यशफीन भाई छिंदवाड़ा, नईम भाई छिंदवाड़ा, फरहान भाई मोघर और इमरान भाई नागपुर विशेष रूप से मौजूद रहे। आयोजकों के मुताबिक इन बकरों को खास तौर पर ईद के लिए तैयार किया गया है और इनकी देखभाल पर रोज हजारों रुपये खर्च किए जाते हैं स्थानीय लोगों के अनुसार छिंदवाड़ा में पहली बार इस तरह ड्रोन शूटिंग, आतिशबाजी और VIP स्टाइल में बकरा लॉन्चिंग का भव्य आयोजन देखने को मिला, जो देर रात तक पूरे शहर में चर्चा का विषय बना रहा।
'बॉडीगार्ड' के साथ उतरे 150 किलो के बकरे, DJ-ड्रोन से हुई शाही लॉन्चिंग

Saurabh Shukla
13 मई 2026, 11:13 am IST
Saurabh Shukla13 मई 2026, 11:13 am IST
