देवास/सतवास, नंदकिशोर गुर्जर। सतवास थाना क्षेत्र के कलम फाटा पर विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने गोवंश तस्करी की सूचना पर नाकाबंदी कर चार वाहनों को पकड़ लिया। वाहनों की जांच के दौरान कुल 13 गोवंश बरामद किए गए। मौके से एक महिला समेत 5 लोगों को पकड़ा गया, जिन्हें बाद में सतवास पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, कलम फाटा पर सुबह करीब 6 बजे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने नाकाबंदी की थी। इसी दौरान वहां से कुल 7 वाहन गुजरे, जिनमें से 4 वाहनों को कार्यकर्ताओं ने रोक लिया, जबकि 3 वाहन मौके से निकल गए।
पकड़े गए चारों वाहनों से 13 गोवंश बरामद हुए। बताया जा रहा है कि ये वाहन गाडरवारा से सनावद की ओर जा रहे थे। कार्रवाई के दौरान एक महिला समेत 5 लोगों को पकड़ा गया।
सभी आरोपियों को सतवास थाने लाकर पुलिस के सुपुर्द किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। वहीं, फरार हुए तीन वाहनों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।




