मुरैना/भिंड, अक्षय जोशी। मुरैना जिले के नगरा घाट से यात्रियों को लेकर चंबल नदी में निकला स्टीमर पेट्रोल खत्म होने के बाद रास्ता भटककर भिंड जिले के अटेर स्थित कछपुरा गांव तक पहुंच गया। स्टीमर में दो दर्जन से अधिक यात्री सवार थे और उनके साथ कई मोटरसाइकिलें भी नदी पार कराई जा रही थीं। स्टीमर में सवार किसी भी यात्री ने लाइफ जैकेट नहीं पहन रखी थी, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ था। कछपुरा गांव के स्थानीय ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए स्टीमर को सुरक्षित नदी किनारे पहुंचाया और यात्रियों को सकुशल बाहर निकाला। ग्रामीणों की मदद से बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों की जान बच गई। बताया जा रहा है कि मुरैना के नगरा क्षेत्र में स्थानीय लोगों को चंबल नदी पार कराने के लिए ऐसे स्टीमर का संचालन किया जाता है, जबकि इनके संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। बरगी डैम हादसे के बाद भी नदी क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर नाव और स्टीमर चलाए जाने से जिम्मेदार विभागों की निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं।
पेट्रोल खत्म होने से रास्ता भटका यात्रियों से भरा स्टीमर, अटेर पहुंचा

Saurabh Shukla
17 अगस्त 2026, 09:02 am IST
Saurabh Shukla17 अगस्त 2026, 09:02 am IST



