उज्जैन। सावन के तीसरे सोमवार और नागपंचमी के अवसर पर उज्जैन के महाकाल मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। साल में केवल एक बार नागपंचमी के दिन खुलने वाले नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इसी दौरान हरसिद्धि मंदिर के सामने बैरिकेडिंग वाले क्षेत्र में भीड़ का दबाव बढ़ने से भगदड़ जैसे हालात बन गए और कई श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई।


घटना के बाद करीब 13 श्रद्धालुओं को परिजन और सुरक्षाकर्मी उज्जैन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां सभी का उपचार जारी है। चिकित्सक भर्ती श्रद्धालुओं की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।


मंदिर क्षेत्र में भारी भीड़


सावन के तीसरे सोमवार के साथ नागपंचमी का पर्व होने के कारण भगवान महाकाल और नागचंद्रेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ गई। मंदिर परिसर के साथ-साथ आसपास के मार्गों पर भी भारी भीड़ दिखाई दी। जानकारी के अनुसार, अब तक करीब 5.50 लाख श्रद्धालु भगवान महाकाल के दर्शन कर चुके हैं।


इन श्रद्धालुओं की बिगड़ी तबीयत

घटना के बाद अस्पताल पहुंचाए गए श्रद्धालुओं में—

  • सागर पिता मनीष, निवासी किसनपुरा, उम्र 15 वर्ष
  • सजीव नोनू चौधरी, निवासी दरभंगा, बिहार, उम्र 36 वर्ष
  • खुशी पिता माधवराव, निवासी बड़ा गणेश, ग्वालियर, उम्र 20 वर्ष
  • हरीशचंद पिता अशोक, निवासी वासना, गुजरात, उम्र 26 वर्ष
  • तुलसी पिता जयप्रकाश, निवासी गुजरात, उम्र 15 वर्ष
  • जय पिता जयधवन, निवासी गुजरात, उम्र 12 वर्ष
  • लखन गोविंद
  • सोनम सिंह

समेत अन्य श्रद्धालुओं को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।


साल में सिर्फ एक दिन खुलता है नागचंद्रेश्वर मंदिर


भगवान नागचंद्रेश्वर का मंदिर महाकाल मंदिर की तीसरी मंजिल पर स्थित है। नागपंचमी के अलावा पूरे वर्ष मंदिर के पट श्रद्धालुओं के लिए बंद रहते हैं। यही वजह है कि नागपंचमी के दिन यहां दर्शन के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन पहुंचते हैं।


इस बार नागपंचमी और सावन का तीसरा सोमवार एक ही दिन पड़ने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या और अधिक बढ़ गई। भारी भीड़ के बीच हरसिद्धि मंदिर के सामने बैरिकेडिंग क्षेत्र में भीड़ का दबाव बढ़ने से कई श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई।