मऊरानीपुर, महेन्द्र सिंह सोलंकी। कोतवाली मऊरानीपुर क्षेत्र के रानीपुर पुलिस चौकी अंतर्गत देवरी सिंहपुरा के पास मंगलवार को सुखनई नदी में दर्दनाक हादसा हो गया। पितृ पक्ष में तर्पण और स्नान करने गए परिवार के 5 लोगों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई।जानकारी के अनुसार देवरी सिंहपुरा निवासी अनूप तिवारी के परिवार में सोमवार को श्राद्ध कार्यक्रम संपन्न हुआ था। मंगलवार को परिवार के 8-10 सदस्य पुरखों को जल अर्पित करने सुखनई नदी पहुंचे थे।


तर्पण के बाद सभी स्नान कर रहे थे, तभी एक बच्चा गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के प्रयास में एक-एक कर अन्य लोग भी गहरे पानी में चले गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों और गोताखोरों ने सभी को बाहर निकालकर सीएचसी मऊरानीपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया। तीन बच्चों को ग्रामीणों ने बचा लिया। मृतकों में अनूप तिवारी पुत्र रामेश्वर प्रसाद तिवारी उम्र करीब 48 वर्ष निवासी देवरीसिंहपुरा, अर्पित तिवारी पुत्र अनूप तिवारी उम्र करीब 12वर्ष निवासी देवरीसिंहपुरा, श्रेयांश तिवारी पुत्र विजय तिवारी उम्र 21 वर्ष निवासी देवरीसिंहपुरा, अभिनव तिवारी पुत्र अजय तिवारी उम्र 26वर्ष निवासी देवरीसिंहपुरा, छोटू शुक्ला पुत्र संजीव शुक्ला उम्र करीब 25 वर्ष निवासी हरदोई थाना गुज्जर जिला जालौन उम्र करीब 25 वर्ष बताए गए हैं।


ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सभी को नदी से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊरानीपुर पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया। बताया गया कि करीब आठ से दस लोग एक साथ नदी पर गए थे। जल अर्पित करने के बाद सभी लोग नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान स्नान करते समय एक व्यक्ति गहरे पानी की ओर चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में अन्य लोग भी नदी के गहरे पानी में उतर गए। देखते ही देखते कई लोग पानी में डूब गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।


हादसे की सूचना पुलिस को दी गई है। सूचना पर चौकी प्रभारी कुलदीप पवार, कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार सोलंकी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं सूचना पर उपजिलाधिकारी मऊरानीपुर मनोज कुमार भारती व क्षेत्राधिकारी मऊरानीपुर रत्नेश्वर सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। और घटना का जायजा लिया। पुलिस ने सभी को तत्काल सीएचसी मऊरानीपुर भेजा। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद पांचों को मृत घोषित कर दिया। एक साथ पांच लोगों की मौत की खबर से देवरी सिंहपुरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं जिले के जिलाधिकारी गौरांग राठी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का बारीकी से जायजा लिया। और पीड़ित परिवारो को मदद का भरोसा दिलाया।


सुखनई नदी में पांच लोगों के डूबने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस, प्रशासन, ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सभी को नदी से बाहर निकाला गया। सीएचसी में चिकित्सकों ने पांचों को मृत घोषित किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

रत्नेश्वर सिंह, क्षेत्राधिकारी मऊरानीपुर

पितृ पक्ष तर्पण हेतु कुछ लोग नदी में गए हुए थे। एक बच्चा गहरे पानी में चला गया था। बच्चा को बचाने के दौरान पांच लोगों की डूब कर मौत हो गई। तीन बच्चों को स्थानीय लोगों द्वारा बचा लिया गया। प्रशासन इस दुःख की घड़ी में परिवार के साथ है।प्रशासन द्वारा यथा संभव जो भी आर्थिक मदद होगी मुहैया कराई जाएगी।

गौरांग राठी, जिलाधिकारी


सांसद अनुराग शर्मा ने शोक व्यक्त किया

घटना की सूचना मिलते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊरानीपुर में सांसद अनुराग शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल, डॉ. अनिल राज, रमा आरपी निरंजन एमएलसी, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष हरिश्चन्द्र आर्य, शुभम् वैद्य प्रधान, शिवनारायण सिंह परिहार, नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि आयुष श्रीवास, राजेन्द्र राहुल, मनीष दीक्षित, हल्कू महाराज, रोहित सोनी समेत सैकड़ों लोग पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की।