उज्जैन, अशोक दायमा। छत्रीचौक स्थित शाही मस्जिद के एक हिस्से को तोड़े जाने को लेकर हुए विवाद और उपद्रव के मामले में पुलिस ने 30 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस अब तक 20 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। बुधवार सुबह खारा कुआं थाना पुलिस 9 गिरफ्तार आरोपियों को मेडिकल परीक्षण के लिए चरक अस्पताल लेकर पहुंची, जहां सभी का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। पुलिस इन आरोपियों को बुधवार को न्यायालय में पेश करने की तैयारी में थी।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को शाही मस्जिद के कुछ हिस्से को तोड़े जाने को लेकर ढाबा रोड-सब्जी मंडी की ओर से आए कुछ लोगों ने विरोध जताते हुए विवाद किया था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मौके पर भीड़ जुट गई। पुलिस का कहना है कि भीड़ को भड़काने के लिए सोशल मीडिया पर कुछ संदेश भी प्रसारित किए गए थे। बुधवार को मेडिकल परीक्षण के दौरान गिरफ्तार आरोपी अस्पताल परिसर में पुलिस से छिपते हुए नजर आए। मामले में पुलिस की जांच और आरोपियों से पूछताछ जारी है।












