मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में शामगढ़ पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से 507 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी को नामजद कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उज्जैन-गरोठ फोरलेन मार्ग से एक कंटेनर में अवैध मादक पदार्थ की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने डाबला गुर्जर क्षेत्र में घेराबंदी कर हरियाणा पासिंग कंटेनर को रोककर उसकी तलाशी ली। प्रारंभिक जांच में कंटेनर चॉकलेट के कार्टूनों से भरा दिखाई दिया, लेकिन गहन तलाशी के दौरान कार्टूनों के बीच छिपाकर रखे गए 25 काले कट्टों में अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार जब्त किए गए डोडा चूरा का कुल वजन 507 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 15 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने डोडा चूरा, कंटेनर एवं अन्य सामग्री सहित कुल लगभग 44 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वह यह खेप आगर मालवा जिले से लेकर आया था। आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने एक अन्य व्यक्ति को भी मामले में आरोपी बनाया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
शामगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस अवैध खेप को कहां पहुंचाया जाना था तथा इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

