सतना, अंबिका केशरी। जिला अस्पताल सतना में चिकित्सकों ने एक दुर्लभ और चुनौतीपूर्ण प्रसव को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए सात माह की गर्भवती महिला की सामान्य (नॉर्मल) डिलीवरी कराई, जिसमें एक साथ तीन बेटियों का जन्म हुआ। समय से पहले जन्म लेने और कम वजन होने के कारण तीनों नवजातों को विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू) में भर्ती कर विशेषज्ञों की निगरानी में उपचार दिया जा रहा है। वहीं प्रसूता की स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई गई है।


गायनी विभाग की एचओडी डॉ. मंजू सिंह ने बताया कि रामवन क्षेत्र के ग्राम सतरी निवासी प्रियंका साकेत, पत्नी दिवाकर साकेत, को प्रसव पीड़ा होने पर जिला अस्पताल लाया गया था। जांच में पहले से ही स्पष्ट था कि महिला के गर्भ में तीन शिशु हैं। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपाक्षी सिंह एवं उनकी टीम की निगरानी में सफलतापूर्वक सामान्य प्रसव कराया गया, जो चिकित्सकीय दृष्टि से एक दुर्लभ उपलब्धि मानी जा रही है।


एसएनसीयू के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज सिंह ने बताया कि प्रसव गर्भावस्था के सातवें माह में होने के कारण तीनों बच्चियां प्रीमैच्योर हैं और उनका वजन लगभग एक-एक किलोग्राम है। जन्म के तुरंत बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एसएनसीयू में भर्ती कर विशेष चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। चिकित्सकों के अनुसार समय पूर्व जन्म और कम वजन के बावजूद तीनों नवजातों की लगातार निगरानी की जा रही है।


जिला अस्पताल में एक साथ तीन बच्चियों के जन्म की खबर पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। चिकित्सकों का कहना है कि ट्रिपलेट गर्भावस्था में सामान्य प्रसव कराना अपेक्षाकृत दुर्लभ होता है और ऐसे मामलों में मां एवं नवजातों दोनों की जान को जोखिम रहता है। अस्पताल की विशेषज्ञ टीम ने समन्वित प्रयासों से इस चुनौतीपूर्ण प्रसव को सफल बनाकर एक महत्वपूर्ण चिकित्सा उपलब्धि हासिल की है।