छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली दर्दनाक घटना सामने आई है। चरित्र पर शक को लेकर एक पति ने अपनी 8 महीने की गर्भवती पत्नी के साथ कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट कर दी। गंभीर चोटों के चलते महिला का लिवर फट गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, गर्भ में पल रहे 8 महीने के बच्चे की भी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मामला कुंडीपुरा थाना क्षेत्र के पातालेश्वर का बताया जा रहा है। कुंडीपुरा थाना प्रभारी महेंद्र भगत के मुताबिक, मृतिका सोनिया कुरोसिया ने करीब एक साल पहले निहाल कुरोसिया से प्रेम विवाह किया था। दोनों के बीच चरित्र को लेकर संदेह के चलते अक्सर विवाद होने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान पति ने पत्नी के साथ मारपीट की। इसके बाद गंभीर हालत में सोनिया को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला के साथ उसके गर्भ में पल रहे 8 महीने के बच्चे की भी जान चली गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी पति निहाल कुरोसिया को राउंडअप कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और मारपीट की परिस्थितियों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।














