आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में धोखाधड़ी और दुष्कर्म का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक 20 वर्षीय युवती (पूर्व में किन्नर) ने अपने प्रेमी पर शादी का झांसा देकर धोखाधड़ी करने, यौन शोषण करने और करीब 10 लाख रुपये ऐंठने का आरोप लगाया है। पीड़िता का दावा है कि प्रेमी की बात पर भरोसा करके उसने 3 लाख रुपये खर्च कर जेंडर-अफर्मिंग (लिंग परिवर्तन) सर्जरी कराई और महीनों दर्द सहा, लेकिन सर्जरी के बाद प्रेमी मुकर गया। पुलिस ने मामले में शिकायत के आधार पर प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


शादी का झांसा देकर ऐंठे 10 लाख रुपये, कराई तीन कठिन सर्जरियां

पीड़िता के अनुसार, करीब डेढ़ साल पहले सिकंदरा के लखनपुर निवासी त्रिवेंद्र से उसकी मुलाकात हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी तो आरोपी ने शादी का वादा किया। शादी का भरोसा देकर प्रेमी ने उससे बुलेट बाइक, त्योहारों के खर्च और अन्य बहानों से करीब 10 लाख रुपये ऐंठ लिए। प्रेमी ने कहा कि समाज और परिवार किन्नर के रूप में स्वीकार नहीं करेगा, इसलिए सर्जरी करा लो। प्रेमी के कहने पर उसने कानपुर के अस्पताल में 3 लाख रुपये खर्च कर तीन सर्जरियां (ब्रेस्ट इम्प्लांट, चेहरे की सर्जरी और वैजाइनोप्लास्टी) कराईं। सर्जरी से पहले हार्मोन थेरेपी के कारण जलन, घबराहट और शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ा।


घर पहुंचने पर खुला राज, पहले से शादीशुदा निकला आरोपी

सर्जरी के बाद जब युवती ठीक होकर आगरा लौटी और शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी बहाने बनाने लगा। जब पीड़िता सीधे उसके घर पहुंची, तो खुलासा हुआ कि त्रिवेंद्र पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। आरोपी और उसके परिवार ने राज खुलने पर युवती को धमकी देकर भगा दिया। पीड़िता का कहना है कि वह कम पढ़ी-लिखी है, जिस वजह से पुलिस अधिकारियों के चक्कर काटने के बावजूद शुरुआत में उसकी सुनवाई नहीं हुई। मीडिया में मामला आने के बाद पुलिस ने गंभीरता दिखाई।


सिकंदरा थाने में केस दर्ज, साक्ष्यों की जांच में जुटी पुलिस

मामले की जानकारी देते हुए सिकंदरा थाना प्रभारी राजीव त्यागी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर 2 सितंबर को संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता ने पुलिस को होटल स्टे, फोटो और यूपीआई (UPI) के जरिए किए गए पैसों के लेन-देन के सबूत सौंपे हैं। पुलिस अब संबंधित होटलों के रिकॉर्ड और बैंक ट्रांजेक्शन खंगाल रही है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।