टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। शहर से करीब 5 किलोमीटर दूर मोहनपुरा–सुधासागर रोड स्थित मधुबन सबरेंज के जंगल क्षेत्र में रात के अंधेरे में नीलगाय के शिकार का मामला सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह खेत में नीलगाय का सिर और अन्य अवशेष मिलने के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी।
जानकारी के अनुसार खेत मालिक मनोज यादव के भाई श्रीराम यादव ने मामले की सूचना डिप्टी नरेंद्र नायक को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान खेत से नीलगाय का सिर सहित अन्य अवशेष बरामद किए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएफओ राजाराम, एसडीओ परमार, रेंजर सौरव जैन सहित वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं डॉक्टर केपी पटेरिया द्वारा बरामद अवशेषों की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के बाद ही नीलगाय की मौत के वास्तविक कारण और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल वन विभाग की टीम आसपास के क्षेत्र में भी जानकारी जुटा रही है और शिकार की आशंका को लेकर जांच जारी है।




