आगर मालवा। मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले अंतर्गत सुसनेर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक भैरो सिंह परिहार (बापू) के परिवार पर एक बार फिर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। विधायक भैरो सिंह बापू के छोटे सुपुत्र गजेंद्र सिंह परिहार उर्फ 'बबलू बना' का महज 38 वर्ष की अल्प आयु में आकस्मिक निधन हो गया। इस हृदयविदारक खबर के सामने आते ही सुसनेर विधानसभा क्षेत्र सहित समूचे आगर मालवा जिले और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।

सुबह सीने में उठा तेज दर्द और घबराहट, चिकित्सकों ने जांच के बाद किया मृत घोषित

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गजेंद्र सिंह परिहार जिले के ग्राम बड़ौद स्थित अपने निवास पर थे। सुबह अचानक उनके सीने में तेज दर्द और घबराहट की शिकायत हुई। तबीयत बिगड़ती देख परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रथम दृष्टया निधन का कारण हृदयाघात (हार्ट अटैक) माना जा रहा है। दिवंगत गजेंद्र सिंह परिहार एक सफल किसान होने के साथ-साथ सक्रिय राजनीति और व्यवसाय से भी जुड़े थे। वे राजस्थान के भवानीमंडी कृषि उपज मंडी के पूर्व चेयरमैन रह चुके थे तथा उनका पेट्रोल पंप, क्रेशर मशीन और ठेकेदारी का व्यवसाय भी था। वे अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं।


दोनों पुत्रों को खोने से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, पैतृक गांव रतनपुरा में होगा अंतिम संस्कार

विधायक भैरो सिंह परिहार के परिवार के लिए यह दोहरी और बेहद असहनीय त्रासदी है। इससे पूर्व विधायक के बड़े पुत्र महेंद्र सिंह परिहार का भी 6 मार्च 2024 को बीमारी के चलते निधन हो गया था। विधायक भैरो सिंह परिहार के दो ही पुत्र थे और अब दोनों बेटों के असमय दुनिया से चले जाने के कारण परिवार पर गहरा वज्रपात हुआ है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, स्वर्गीय गजेंद्र सिंह परिहार की अंतिम यात्रा और अंतिम संस्कार आज दोपहर उनके पैतृक गांव रतनपुरा में संपन्न किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।

पीसीसी चीफ जीतू पटवारी समेत कांग्रेस नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

विधायक पुत्र के आकस्मिक निधन का समाचार मिलते ही मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन में शोक व्याप्त हो गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की है। जीतू पटवारी ने अपनी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा कि सुसनेर से कांग्रेस विधायक भैरो सिंह परिहार (बापू) के सुपुत्र गजेंद्र सिंह परिहार (बबलू) के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिहार परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।