छतरपुर/खजुराहो, तुलसीदास सोनी। विश्व पर्यटन नगरी खजुराहो में इन दिनों भारतीय परंपरा और विदेशी संस्कृति के अनूठे संगम का नजारा देखने को मिल रहा है। मूल रूप से मुंबई की रहने वाली शिखा सिंह जर्मनी के युवक के साथ विवाह बंधन में बंधने जा रही हैं। शादी का मुख्य समारोह आगामी 20 तारीख को स्थानीय होटल बुंदेला में आयोजित होगा, जबकि इससे पूर्व के तीन दिवसीय वैवाहिक कार्यक्रम होटल पार्क व्यू में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ संपन्न किए जा रहे हैं।
बुधवार रात होटल पार्क व्यू में पारंपरिक हल्दी और मेहंदी की रस्मों का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान जर्मनी से आए बारातियों और विदेशी अतिथियों का वधू पक्ष एवं होटल संचालक द्वारा भारतीय रीति-रिवाज के अनुसार तिलक लगाकर और फूलमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक गीतों के बीच विदेशी मेहमान भी भारतीय रंग में रंगे नजर आए।
ये भी पढ़ें




जर्मनी में हुई मुलाकात, गांव से जुड़ाव के कारण चुना खजुराहो मीडिया से चर्चा करते हुए दुल्हन शिखा सिंह ने बताया कि उनके पिता जर्मनी में रहते हैं और वे स्वयं भी वहीं निवासरत थीं। जर्मनी में ही दोनों की मुलाकात हुई, जिसके बाद उन्होंने विवाह करने का निर्णय लिया। शिखा ने बताया कि खजुराहो के समीप ही उनका पैतृक गांव है और विश्व स्तर पर खजुराहो की ख्याति के कारण उन्होंने अपनी शादी के लिए इस ऐतिहासिक नगरी को चुना। उन्होंने होटल पार्क व्यू की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि यहां पूरे परिवार को घर जैसा माहौल और सुविधाएं मिल रही हैं।
दूल्हे को भाया खजुराहो का वातावरण और आतिथ्य जर्मनी से आए दूल्हे ने भी खजुराहो की प्राकृतिक सुंदरता और यहां के लोगों की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि शिखा से उनकी मुलाकात जर्मनी में हुई थी और भारत आकर विवाह करना उनके लिए बेहद सुखद अनुभव है। उन्होंने बताया कि खजुराहो का शांत वातावरण और स्थानीय लोगों का व्यवहार उन्हें काफी पसंद आया है। देसी-विदेशी मेहमानों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में हो रहे इस अनूठे विवाह को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह बना हुआ है।
















