छतरपुर, विनोद मिश्रा। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बिजावर नाका पर देर रात दो गुटों के बीच मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सरेआम हुई इस गैंगवार में दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर जमकर लाठी-डंडे बरसाए। इस हमले में नगरपालिका के एक कर्मचारी सहित दोनों पक्षों के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। देर रात हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं, मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सीएसपी अरुण सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि बिजावर नाका पर हुए इस विवाद के बाद दोनों पक्षों ने सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुछ आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
फिलहाल, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी सतीश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस वायरल हो रहे वीडियो फुटेज के आधार पर घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में निष्पक्ष जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
















