बैतूल,सुरेन्द्र बावने। बैतूल जिले के चिचोली थाना क्षेत्र के बारगंवाडी मोक्षधाम के पास गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने घटनास्थल पर स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग को लेकर तहसीलदार एवं थाना प्रभारी को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बारंगवाडी निवासी मनीराम यादव (पिता निर्भय यादव), जो एक बैंक में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे, अपने पुत्र चंद्रेश यादव को बाइक से चिचोली छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान इंदौर से मनिहारी सामान लेकर आ रहे तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक MP09HH0524 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और दोनों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई।


घटना की सूचना राहगीरों ने तत्काल डायल-112 पुलिस और 1033 एंबुलेंस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस ने दोनों शवों को चिचोली अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है, जबकि चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


दुर्घटना के बाद नसीराबाद, बारंगवाडी सहित आसपास के ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने तहसीलदार प्रेम सिंह दिवान एवं थाना प्रभारी हरिओम पटेल को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए हादसा स्थल पर दोनों ओर स्पीड ब्रेकर बनाए जाने की मांग की। ग्रामीण प्रतिनिधि बसंत यादव, कमलेश यादव, मनोज सातनकर और राजकुमार उईके ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर ब्रेकर नहीं बनाए गए तो ग्रामीण घटनास्थल पर उग्र आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करेंगे।