उमरिया, तपस गुप्ता। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व का कोर क्षेत्र इन दिनों मानसून के कारण पर्यटकों के लिए बंद है, लेकिन जंगल से होकर गुजरने वाले मार्गों पर वन्यजीवों की सक्रियता लगातार देखने को मिल रही है। सोमवार को महामन मार्ग पर एक बाघिन अपने तीन शावकों के साथ सड़क पार करती नजर आई। इस दुर्लभ और रोमांचक दृश्य को वहां से गुजर रहे वन्यजीव प्रेमी एवं पर्यटक चेतन घारपुरे ने अपने कैमरे में कैद कर लिया।


जानकारी के अनुसार चेतन घारपुरे बांधवगढ़ की ओर जा रहे थे। रास्ते में हल्की बारिश के बीच अचानक उनकी नजर सड़क किनारे खड़ी एक बाघिन पर पड़ी। उन्होंने तत्काल अपना वाहन रोक लिया और सुरक्षित दूरी बनाकर इंतजार करने लगे। कुछ ही क्षणों बाद बाघिन सड़क पार करने लगी। उसके पीछे एक-एक कर तीनों शावक भी पूरी सहजता के साथ सड़क पार करते दिखाई दिए। बारिश से भीगे जंगल और शांत वातावरण के बीच यह दृश्य बेहद आकर्षक और रोमांचकारी था।


चेतन घारपुरे ने बताया कि वह अक्सर बांधवगढ़ आते हैं और वन्यजीवों की फोटोग्राफी उनका पसंदीदा शौक है। उन्होंने कहा कि पहली बार उन्हें एक साथ तीन शावकों को इतनी नजदीक से देखने का अवसर मिला। इस दुर्लभ पल को उन्होंने अपने कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जो उनके लिए जीवनभर की यादगार बन गया।


वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार दिखाई देने वाले तीनों शावकों की उम्र लगभग 18 महीने आंकी जा रही है। माना जा रहा है कि ये प्रसिद्ध बाघिन "रॉ" के शावक हैं, जो अब अपनी मां के साथ जंगल में स्वतंत्र रूप से भ्रमण करते दिखाई दे रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून के दौरान जंगल में वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं और ऐसे दुर्लभ दृश्य प्रकृति प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनते हैं।


हालांकि बारिश के मौसम में बांधवगढ़ के कोर पर्यटन क्षेत्र बंद हैं, फिर भी जंगल से गुजरने वाले सार्वजनिक मार्गों पर वन्यजीवों की मौजूदगी लोगों को वन्यजीव संरक्षण और प्राकृतिक आवास के महत्व का एहसास कराती है। बाघिन और उसके तीन शावकों का यह दृश्य बांधवगढ़ की समृद्ध जैव विविधता का एक और जीवंत उदाहरण माना जा रहा है।