अमरपाटन,नरेन्द्र पटेल। अमरपाटन में उस वक्त सियासी सरगर्मी तेज हो गई जब विंध्य क्षेत्र के दो कद्दावर कांग्रेस नेता अजय सिंह राहुल और डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह आमने-सामने नजर आए। रिश्ते में मामा-भांजे माने जाने वाले दोनों नेताओं की यह मुलाकात स्थानीय राजनीति में चर्चा का विषय बन गई है। मैहर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे अजय सिंह राहुल का अमरपाटन के सतना चौराहे पर भव्य स्वागत किया गया, जहां युवा नेता कौशलेंद्र सिंह और विनय चौरसिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।


इसके बाद अजय सिंह राहुल ने गड़ौली मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। धार्मिक कार्यक्रम के पश्चात उनका काफिला पूर्व मंत्री डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह के निवास “शांति निकेतन” पहुंचा, जहां दोनों नेताओं के बीच महत्वपूर्ण चर्चा हुई। इस दौरान विक्रमादित्य सिंह (गिन्नी भैया) की उपस्थिति भी रही। विंध्य के इन प्रभावशाली नेताओं की एक साथ मौजूदगी को क्षेत्रीय राजनीति के बदलते समीकरणों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।


मीडिया से बातचीत के दौरान महिला बिल को लेकर पूछे गए सवालों पर अजय सिंह राहुल ने स्पष्ट टिप्पणी करने से परहेज किया। उनकी इस चुप्पी ने राजनीतिक गलियारों में कई तरह की अटकलों को जन्म दे दिया है। उल्लेखनीय है कि महिला बिल गिरने के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर महिला विरोधी होने के आरोप लगाए थे, ऐसे में अजय सिंह की खामोशी को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि यह रणनीतिक चुप्पी है या पार्टी लाइन से दूरी बनाने की कोशिश।