इंदौर, रविकांत वर्मा। इंदौर के तुकोगंज थाना क्षेत्र में एक युवती से दुष्कर्म के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपी प्रियंक कोलानी को गिरफ्तार कर लिया है, जो मूल रूप से लखनऊ का रहने वाला है और इंदौर में एक बैंक में कार्यरत था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी और पीड़िता की दोस्ती सोशल मीडिया के जरिए हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। इसी दौरान आरोपी ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि बाद में आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया, जिसके बाद पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 के तहत केस दर्ज किया था। घटना के बाद से आरोपी फरार हो गया था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है, साथ ही आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।