टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। जिले में पटवारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाए जाने के बावजूद प्रशासनिक स्तर पर अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। कलेक्टर से लेकर तहसील स्तर तक कई बार ज्ञापन सौंपने और अधिकारियों से मुलाकात के बाद भी जब समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ, तो जिला कार्यकारिणी ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया।


तहसील बल्देवगढ़ में जिला कार्यकारिणी के प्रतिनिधि ने तहसीलदार श्री अनिल गुप्ता के समक्ष दंडवत होकर, यहां तक कि नाक रगड़कर अपनी मांगों को रखा। इस दौरान उन्होंने पटवारियों की लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की और प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित करने का प्रयास किया।


प्रतिनिधि ने बताया कि लंबे समय से पटवारियों की समस्याएं अनसुनी की जा रही हैं, जिससे उनमें आक्रोश बढ़ता जा रहा है। कई बार ज्ञापन देने के बावजूद कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई, जिससे कर्मचारियों में निराशा का माहौल है।


हालांकि इस अनोखे विरोध प्रदर्शन के बाद भी मौके पर समस्याओं के समाधान को लेकर कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला। इससे पटवारियों में असंतोष और बढ़ गया है।


जिला कार्यकारिणी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।