क्वेटा। बलूचिस्तान में आम नागरिकों के खिलाफ बढ़ती हिंसा के बीच, स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार पाकिस्तानी सुरक्षा बलों और कथित तौर पर राज्य समर्थित 'डेथ स्क्वाड' के सदस्यों ने नुश्की जिले में छापेमारी के दौरान महिलाओं और बच्चों पर हमला किया और कई घरों में आग लगा दी।

रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार को नुश्की के किल्ली जमालदीनी इलाके में छापे मारे गए। इन छापों का निशाना अल्ताफ जमालदीनी नामक व्यक्ति के रिश्तेदारों के घर थे। अल्ताफ की हाल ही में कथित तौर पर डेथ स्क्वाड की ओर से की गई गोलीबारी में मौत हो गई थी।

बताया गया है कि ताजा कार्रवाई से दो दिन पहले भी पाकिस्तानी बलों और डेथ स्क्वाड के सदस्यों ने अल्ताफ के घर पर उस समय धावा बोला था, जब वहां शोक सभा चल रही थी।

स्थानीय समाचार वेबसाइट 'द बलूचिस्तान पोस्ट' के अनुसार, उस घटना के दौरान भी महिलाओं के साथ मारपीट की गई थी और घरों में आग लगा दी गई थी। इन घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी देखी गई है। निवासियों का आरोप है कि पुलिस और जिला प्रशासन आम लोगों की सुरक्षा करने और हिंसा रोकने के बजाय अपराधी तत्वों को संरक्षण दे रहे हैं।

इसी बीच, शनिवार को बलूचिस्तान के केच जिले के तुम्प इलाके से इमरान नामक एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया।

परिवार के अनुसार, करीब 15 दिन पहले पाकिस्तानी बलों और डेथ स्क्वाड के सदस्यों ने उसके घर पर छापा मारकर उसे जबरन उठा लिया था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं था।

स्थानीय मीडिया के अनुसार, गुरुवार को केच जिले में दो युवकों के शव भी बरामद किए गए। वहीं, मस्तुंग और पंजगुर जिलों में एक पत्रकार सहित कम से कम तीन अन्य लोगों को कथित तौर पर जबरन गायब कर दिया गया है।

रिपोर्टों के अनुसार, जबीर और जुबैर नाम के दो युवकों के शव केच जिले के तुम्प क्षेत्र से मिले। दोनों को लगभग दो महीने पहले पाकिस्तानी बलों द्वारा कथित तौर पर उठाए जाने के बाद से लापता बताया गया था। दोनों एक ही परिवार से थे और तुम्प के गोमाजी इलाके के रहने वाले थे।

द बलूचिस्तान पोस्ट ने सूत्रों के हवाले से बताया कि पत्रकार नियाज बलोच को बुधवार रात मस्तुंग जिले में उनके घर पर छापेमारी के दौरान उठा लिया गया। तब से उनके परिवार को उनकी स्थिति और ठिकाने के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।

एक अलग घटना में, पंजगुर जिले के चितकान इलाके से 30 वर्षीय दुकानदार कंबर को एक नवंबर की शाम उसकी दुकान से कथित तौर पर एक राज्य समर्थित डेथ स्क्वाड अपने साथ ले गया।

इसके अगले दिन, पंजगुर के पारोम इलाके के 70 वर्षीय किसान हयातान को कथित तौर पर पाकिस्तान की फ्रंटियर कोर (एफसी) ने हिरासत में लेकर अज्ञात स्थान पर पहुंचा दिया। उनकी वर्तमान स्थिति और ठिकाने के बारे में अब तक कोई जानकारी नहीं है।

रिपोर्टों के अनुसार, बलूचिस्तान में जबरन गुमशुदगी, छापेमारी और नागरिकों के खिलाफ हिंसा के मामलों को लेकर स्थानीय स्तर पर चिंता लगातार बढ़ रही है।