भिंड,अक्षय जोशी। मध्यप्रदेश के भिंड जिले में इन दिनों एक अजीबो-गरीब स्थिति देखने को मिल रही है। जहां एक ओर देश के कई शहरों में ईरान-इजरायल युद्ध की आशंका के चलते पेट्रोल और गैस के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है, वहीं भिंड में लोग पान मसाला खरीदने के लिए लंबी-लंबी कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं। शहर की हाउसिंग कॉलोनी स्थित राजश्री गुटखा के गोदाम पर सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ जमा हो रही है।


बताया जा रहा है कि राजश्री गुटखा के डिस्ट्रीब्यूटर दिवाकर जैन के यहां पान मसाला लेने के लिए लोगों की लाइनें लग रही हैं। दुकानदारों द्वारा पान मसाले के दामों में मनमानी बढ़ोतरी कर दी गई है, वहीं थोक विक्रेताओं द्वारा माल का स्टॉक भी किया जा रहा है। इसके बावजूद लोग ज्यादा कीमत देकर भी पान मसाला खरीदने को मजबूर हैं।


स्थानीय लोगों के अनुसार लॉकडाउन जैसी अफवाहों के चलते लोग जरूरत की हर चीज का स्टॉक कर रहे हैं, लेकिन भिंड में इसका सबसे ज्यादा असर पान मसाले पर देखने को मिल रहा है। हैरानी की बात यह है कि जहां पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों पर सामान्य स्थिति बनी हुई है, वहीं गुटखा और पान मसाले के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। प्रशासन की ओर से फिलहाल इस मामले में कोई सख्त कार्रवाई सामने नहीं आई है।