धार। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य की भाजपा सरकार पर शराब माफियाओं को खुला संरक्षण देने का संगीन आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश से रोजाना 100 ट्रक अवैध शराब पड़ोसी राज्य गुजरात भेजी जा रही है, जो बिना सरकारी शह और संरक्षण के संभव ही नहीं है। पटवारी ने शराब तस्करी के इस पूरे नेटवर्क की सीबीआई (CBI) जांच कराने की मांग की है।
शहीद टीआई दिलीप पुरी के परिजनों से मिले पटवारी, की शोक संवेदना व्यक्त
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी गुरुवार को धार जिले के बरमंडल पहुंचे। यहां उन्होंने कर्तव्य पथ पर शहीद हुए टीआई (थाना प्रभारी) दिलीप पुरी के परिजनों से मुलाकात की और अपनी गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
'शराब माफिया पर नकेल कसे सरकार, गुजरात अवैध शराब भेजने वालों पर हो CBI जांच'
शहीद टीआई के परिजनों से मिलने के बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए जीतू पटवारी ने सरकार को आड़े हाथों लिया: जीतू पटवारी ने कहा कि मध्य प्रदेश की सरकार शराब माफियाओं को खुलकर बचा रही है। रोजाना 100 ट्रक अवैध शराब मध्य प्रदेश से गुजरात भेजी जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यह सब किसके इशारे और संरक्षण में हो रहा है? उन्होंने कहा कि सरकार को अपने कामकाज के तरीकों की समीक्षा करनी चाहिए और इस बात की सीबीआई (CBI) जांच करानी चाहिए कि मध्य प्रदेश की हर गली-गली में बिकने वाली अवैध शराब और गुजरात जा रहे माफिया नेटवर्क के पीछे किन बड़े चेहरों का हाथ है। मंत्री विश्वास सारंग के बयानों पर पलटवार करते हुए पटवारी ने कहा कि भाजपा पिछले 25 सालों से सत्ता में है, फिर व्यवस्था की इन गंभीर खामियों और अपराधियों पर ढिलाई के लिए कौन जिम्मेदार है?
पुलिसकर्मियों के बच्चों की शिक्षा पूरी तरह निःशुल्क करने की मांग
जीतू पटवारी ने कहा कि शहीद टीआई दिलीप पुरी को सच्ची श्रद्धांजलि तभी दी जा सकती है, जब प्रदेश के सभी पुलिसकर्मियों के बच्चों की शिक्षा पूरी तरह निःशुल्क की जाए। आरोपी राहुल जायसवाल से जुड़े सवाल पर पटवारी ने स्पष्ट किया कि संबंधित व्यक्ति को यूथ कांग्रेस से पहले ही निष्कासित किया जा चुका है, जिसकी जानकारी निकाली जा सकती है।
















