उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के तराना तहसील अंतर्गत आने वाले कनार्दी गांव से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र को केवल इस बात पर बर्बरता से पीटा गया क्योंकि उसने अपने साथ बस में पढ़ने वाली सहपाठी छात्रा को अपना मोबाइल नंबर दे दिया था। आरोपियों ने छात्र को श्मशान घाट ले जाकर अर्धनग्न कर बेल्ट और डंडों से पीटा और अपनी धाक जमाने के लिए मारपीट का वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित छात्र अपने गांव के ही सरकारी स्कूल में पढ़ता है। उसी के गांव की एक छात्रा भी उसके साथ बस से स्कूल आती-जाती है। छात्रा द्वारा नंबर मांगने पर पीड़ित ने अपना मोबाइल नंबर दे दिया था, जिसके बाद छात्रा ने उसके व्हाट्सएप पर दो बार मिस्ड कॉल किए थे। इसी बात से आरोपी रंजिश रखने लगे थे। गत 1 नवंबर की शाम करीब 7 बजे पीड़ित छात्र जब अपने घर के बाहर खड़ा था, तभी आरोपी तौफीक खान और शोएब शाह बाइक से पहुंचे और उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। दोनों आरोपी छात्र को गांव के श्मशान घाट के पास ले गए, जहां अल्फेज शाह और वकील खान पहले से घात लगाकर मौजूद थे।
अर्धनग्न कर पीटा, बनाया रील और दी जान से मारने की धमकी
श्मशान घाट के पास चारों आरोपियों ने छात्र को अर्धनग्न कर दिया और बेल्ट व डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई की। आरोपियों ने इलाके में अपनी धाक जमाने के लिए मारपीट का पूरा वीडियो बनाया और उसे इंस्टाग्राम पर रील बनाकर अपलोड कर दिया। जाते-जाते आरोपियों ने छात्र को धमकी दी कि यदि उसने दोबारा किसी को नंबर दिया या पुलिस में शिकायत की, तो उसे जान से मार देंगे।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई; चारों आरोपी गिरफ्तार
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पीड़ित छात्र ने परिजनों को आपबीती बताई और तराना थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई: पीड़ित की शिकायत पर तराना थाना पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों नामजद आरोपियों—तौफीक खान, शोएब शाह, अल्फेज शाह और वकील खान को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।














