भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा के बाद अटल पथ पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस और विपक्षी इंडी (INDI) गठबंधन पर जोरदार राजनीतिक हमला बोला।
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के मुख्य बिंदु
जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस किस मुंह से लोकतंत्र की रक्षा की बात करती है? उसने देश में 90 बार चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त किया। आपातकाल (Emergency) का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वे खुद इसके प्रत्यक्ष भुक्तभोगी रहे हैं। जेपी नड्डा ने राहुल गांधी की राजनीति को 'हिट एंड रन' करार दिया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र, हरियाणा और कर्नाटक में वोट चोरी के निराधार आरोप लगाए गए, लेकिन जब चुनाव आयोग ने हलफनामे के साथ सबूत मांगे तो कांग्रेस पीछे हट गई। नड्डा ने कहा कि चुनाव आयोग ने ईवीएम हैक करने की खुली चुनौती दी थी, लेकिन कांग्रेस का कोई नेता सामने नहीं आया। उन्होंने राहुल गांधी को सलाह दी कि ईवीएम और बैलेट पेपर पर सवाल उठाने के बजाय पार्टी अपनी नाकामियों पर आत्मचिंतन करे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस समझ चुकी है कि जनता उसे आने वाले 20-30 वर्षों तक सत्ता में आने का मौका नहीं देने वाली, इसीलिए वह अपनी हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य बिंदु
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राहुल गांधी पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट का अपमान करने और चुनाव आयोग को अपनी जेब की पुड़िया समझने वालों को देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। जब-जब न्यायालय ने कांग्रेस के खिलाफ फैसला सुनाया, पार्टी ने न्यायाधीशों और न्यायपालिका का अपमान किया, जिसका आपातकाल सबसे बड़ा गवाह है। सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने नेहरू, इंदिरा, राजीव और सोनिया गांधी के नेतृत्व में लंबे समय तक सत्ता चलाई, लेकिन आज जब सत्ता नहीं मिल रही, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी जनता के बीच रहने वाले और देशवासियों के दिलों पर राज करने वाले नेता हैं।

















