भोपाल। मध्य प्रदेश कैडर के 2014 बैच के IPS अधिकारी अनुराग सुजानिया ने अपनी नौकरी से इस्तीफा दे दिया है। सागर एसपी पद से हटाए जाने के चार दिन बाद, सुजानिया ने सोमवार को अपना त्यागपत्र शासन को सौंप दिया। इस्तीफा देने के पीछे उन्होंने निजी और व्यक्तिगत कारणों का हवाला दिया है। IPS अधिकारी के इस अचानक उठाए कदम के बाद राज्य प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।

इस घटनाक्रम के तुरंत बाद राज्य सरकार भी हरकत में आ गई है। मुख्यमंत्री आज शाम पुलिस मुख्यालय (PHQ) पहुंचकर पुलिस के शीर्ष और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करने जा रहे हैं।

मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले अनुराग सुजानिया को महज 6 महीने पहले ही सागर जिले के एसपी की कमान सौंपी गई थी। इससे पहले वे पीएचक्यू भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) के पद पर तैनात थे। अपने करियर में वे एसडीओपी करैरा के अलावा मंदसौर और मुरैना जैसे संवेदनशील जिलों में बतौर एसपी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। हाल ही में सरकार ने उन्हें सागर एसपी के पद से हटाकर पुनः पीएचक्यू में एआईजी पदस्थ किया था, जिसके बाद उन्होंने इस्तीफा देने का फैसला किया।