मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले में ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात महिला की दर्दनाक मौत हो गई, लेकिन हादसे के बाद सामने आई अव्यवस्था ने आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद शव को अस्पताल पहुंचाने के लिए समय पर एंबुलेंस नहीं मिल सकी, जिसके चलते घंटों इंतजार के बाद रेलवे पुलिस की मौजूदगी में शव को ठेला गाड़ी पर ले जाना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय स्तर पर कंट्रोल रूम और एंबुलेंस सेवा से संपर्क साधा गया, लेकिन काफी देर तक कोई सहायता मौके पर नहीं पहुंची। बताया जा रहा है कि मृतका की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद रेलवे तथा आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था की तैयारियों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लोगों का कहना है कि ऐसी गंभीर स्थिति में भी समय पर एंबुलेंस न मिलना व्यवस्था की बड़ी खामी को दर्शाता है, और इस लापरवाही के लिए जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।














