जकार्ता। अंडर-23 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप के दूसरे दिन एशियन चैंपियन विश्वनाथ सुरेश (50 किग्रा) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उज्बेकिस्तान के अमीरबेक इस्मोइलोव को 5:0 से मात दी। यह प्रतियोगिता जकार्ता में 5 जुलाई से 16 जुलाई तक खेली जा रही है।
पुरुषों के वर्ग में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए, गंगा (55 किग्रा) ने मंगोलिया के अमगलनबातार बुलगनखू को सर्वसम्मत फैसले में 5:0 से हराया। वहीं, हितेश (70 किग्रा) ने भी चीनी ताइपे के जून-झांग्लिन पर 5:0 से शानदार जीत दर्ज की, जिससे अलग-अलग वेट कैटेगरी में भारत की मजबूती का पता चलता है।
60 किग्रा के मुकाबले में सागर जाखड़ को जापान के कोइची नाकायामा के खिलाफ अयोग्य घोषित होने के कारण हार का सामना करना पड़ा। महिलाओं के वर्ग में, तनु (51 किग्रा) ने कोरिया की र्योंगयोन किम पर 5:0 से शानदार जीत दर्ज की।
टूर्नामेंट की शुरुआत में भारत का शानदार प्रदर्शन टीम की मजबूत तैयारी को दिखाता है। कई बॉक्सर्स के अपनी-अपनी कैटेगरी में आगे बढ़ने के साथ, भारत चैंपियनशिप के आने वाले दिनों में इस लय को बनाए रखने की कोशिश करेगा।
भारत ने अंडर-19 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में जबरदस्त शुरुआत की। जकार्ता, इंडोनेशिया में पहले दिन वर्ल्ड बॉक्सिंग फ्यूचर्स कप की गोल्ड मेडलिस्ट चंद्रिका पुजारी और सिल्वर मेडलिस्ट जॉयश्री देवी ने शानदार जीत दर्ज की।
प्रारंभिक राउंड में चंद्रिका ने लड़कियों की 51 किग्रा कैटेगरी में मंगोलिया की लखम त्सेंदबातार को 5-0 से हराया। इसके बाद जॉयश्री ने भी शानदार प्रदर्शन किया और लड़कियों की 54 किग्रा कैटेगरी में चीनी ताइपे की चेन निंग होंग के खिलाफ दूसरे राउंड में 'रेफरी स्टॉप्ड कॉन्टेस्ट' (आरएससी) के जरिए जीत हासिल कर अगले राउंड में अपनी जगह पक्की की।
बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया ने अंडर-19 और अंडर-23 कैटेगरी में एक मजबूत टीम उतारी है, जिसमें हर उम्र के ग्रुप में 20 बॉक्सर हिस्सा ले रहे हैं। ये चैंपियनशिप भारत की अगली पीढ़ी के लिए एशिया के बेहतरीन बॉक्सर्स के खिलाफ खुद को परखने का एक अहम मंच है, क्योंकि देश अपनी हालिया कामयाबी को आगे बढ़ाना चाहता है और कॉन्टिनेंटल लेवल पर अपना दबदबा बनाए रखना चाहता है।




