नागोया। 'एशियन गेम्स- 2026' में भारतीय शूटर अनीश भनवाला गुरुवार को आइची प्रीफेक्चरल जनरल शूटिंग गैलरी में पुरुषों के 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल व्यक्तिगत फाइनल में सातवें स्थान पर रहे। इसके साथ ही भारत का शूटिंग अभियान 15 मेडल के साथ समाप्त हो गया।अनीश का स्कोर अन्य शूटर्स के साथ 11 पर टाई हुआ, लेकिन क्वालिफिकेशन में कम रैंकिंग के कारण 'काउंटबैक' नियम से वे बाहर हो गए और सातवें स्थान पर रहे।
एशियन गेम्स में भारतीय शूटर्स ने तीन गोल्ड, आठ सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल के साथ अपना अभियान खत्म किया।
अनीश ने क्वालिफिकेशन राउंड में 576-17x के स्कोर के साथ 9वां स्थान हासिल करने के बावजूद पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल फाइनल के लिए क्वालिफाई किया। टॉप आठ में साउथ कोरिया के तीन शूटर्स शामिल थे, लेकिन फाइनल में प्रति एनओसी (नेशनल ओलंपिक कमेटी) केवल दो शूटर्स को ही अनुमति होती है, जिससे अनीश के लिए आठवां और अंतिम क्वालिफाइंग स्थान हासिल करने का रास्ता साफ हो गया।
आइची-नागोया में भारतीय पिस्टल शूटर्स का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और वे कुल 15 में से केवल दो मेडल ही जीत पाए। उन्होंने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में सिल्वर मेडल और मिक्स्ड टीम 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में गोल्ड मेडल जीता।
भारत की पुरुष क्वाड्रेंट सेपकटकरा टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। टीम ने म्यांमार के खिलाफ जोरदार वापसी करते हुए 2-1 से जीत हासिल की। इस जीत के साथ भारत ने ग्रुप चरण का सफर बिना कोई मैच हारे पूरा किया और मेडल पक्का कर लिया है।
पहला गेम 15-10 से हारने के बाद भारत ने वापसी करते हुए अगले दो गेम 15-13 और 15-7 से जीते और ग्रुप ए में शीर्ष स्थान हासिल किया। इससे पहले, उन्होंने लाओ पीपुल्स डेमोक्रेटिक रिपब्लिक और वियतनाम के खिलाफ जीत दर्ज की थी।
कैनो स्लैलम में भारत की शिखा चौहान महिलाओं के कयाक सिंगल फाइनल में सातवें स्थान पर रहीं। उन्होंने आठ फाइनलिस्टों के बीच सातवां स्थान हासिल करने के लिए 193.31 का समय लिया।













