छतरपुर/चंदला, जीतेन्द्र तिवारी। बुंदेलखंड की पारंपरिक लोकसंस्कृति और दिवाली की पहचान माने जाने वाले मोनिया महोत्सव का इस बार चंदला स्टेडियम में विधानसभा स्तर पर भव्य आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और कार्यक्रम का शुभारंभ जल्द होने जा रहा है, जबकि प्रतिभागी टीमों के पहुंचने का सिलसिला भी शुरू होने वाला है।

चंदला विधायक और मध्य प्रदेश शासन के मंत्री दिलीप अहिरवार ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि दिवाली के अवसर पर बुंदेलखंड अंचल में मौनिया नृत्य को लेकर खासा उत्साह रहता है और विभिन्न स्थानों पर ऐसे आयोजन होते हैं। इसी लोक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए हर वर्ष की तरह इस बार भी महोत्सव रखा गया है, लेकिन इसे पूरे विधानसभा स्तर पर बड़े स्वरूप में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आयोजन को भव्य और दिव्य रूप देने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।


मंत्री दिलीप अहिरवार के अनुसार महोत्सव के लिए अब तक 50 से अधिक टीमों का पंजीकरण हो चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि अंतिम समय में भी कोई टीम स्टेडियम पहुंचती है, तो उसे भी प्रस्तुति देने का अवसर दिया जाएगा। उनका कहना है कि क्षेत्र के लोगों को लेकर वे कभी यह सवाल नहीं करते कि वे क्यों नहीं आए, इसलिए पहुंचने वाली हर टीम को शामिल करने की व्यवस्था की गई है।