टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। वन मंडल टीकमगढ़ के अंतर्गत सब रेंज मंजना की सुनोनी बीट के कक्ष क्रमांक आरएफ-59 में वन विभाग ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अतिक्रमणरोधी गड्ढे और खंतियां खुदवाई हैं। विभाग द्वारा पूर्व में वन भूमि से अतिक्रमणकारियों को बेदखल कर 50 हेक्टेयर क्षेत्र में कंपनी मद से वृक्षारोपण कार्य कराया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार बेदखल किए गए अतिक्रमणकारी जागेश यादव एवं उसके पुत्रों द्वारा वन अमले के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की गई थी, जिसके चलते वृक्षारोपण कार्य प्रभावित हुआ था।
मुख्य वन संरक्षक छतरपुर नरेश सिंह यादव एवं वनमंडलाधिकारी टीकमगढ़ राजाराम परमार के निर्देश पर एसडीओ वन मनीषा बघाड़े के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र अधिकारी सौरभ जैन ने टीकमगढ़ और जतारा रेंज के संयुक्त वन अमले के साथ मौके पर पहुंचकर अतिक्रमणरोधी गड्ढों और खंतियों की खुदाई कराई।
वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अतिक्रमणकारियों में भय का माहौल है। विभाग द्वारा इस वर्ष क्षेत्र में 25 हजार मिश्रित प्रजातियों के पौधों का रोपण किया जाएगा। साथ ही खोदे गए अतिक्रमणरोधी गड्ढों एवं खंतियों में बीजों का भी रोपण किया जाएगा, जिससे वन क्षेत्र को और अधिक हरा-भरा बनाया जा सके।

