कोलकाता, रोहित पाठक। पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के लिलुआ वर्कशॉप मैदान में चल रही हनुमत कथा के दूसरे दिन बाबा बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अभिनेत्री स्वरा भास्कर के जौहर को लेकर दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जौहर कायरता नहीं, बल्कि वीरता, समर्पण और अपने पति के प्रति अर्पण का प्रतीक है।
कथा के दौरान बाबा बागेश्वर ने स्वरा भास्कर का नाम लिए बिना कहा कि एक महिला ने रानी पद्मावती और जौहर को लेकर बयान दिया तथा जौहर को कायरता बताया। उन्होंने इस पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जिन्हें भारतीय संस्कृति और जौहर की परंपरा की जानकारी नहीं है, वे इसके बारे में क्या जानेंगे।
उन्होंने कहा, "तुम क्या जानो जौहर, संस्कृति को। धर्म विरोधी लोग जौहर को जान ही नहीं सकते।" इस दौरान उन्होंने अभिनेत्री के बयान पर आपत्तिजनक और व्यक्तिगत टिप्पणी भी की।
बाबा बागेश्वर ने कहा कि उनकी बातों से किसी को बुरा लगता है तो लगे और किसी के दिल को ठेस पहुंचती है तो पहुंचने दें, लेकिन वे सत्य बोलेंगे। उन्होंने रानी पद्मावती और जौहर की परंपरा को भारतीय इतिहास एवं संस्कृति से जोड़ते हुए इसे वीरता और समर्पण का प्रतीक बताया।
नवरात्रि को लेकर भी दिया संदेश
हनुमत कथा के दौरान बाबा बागेश्वर ने पश्चिम बंगाल में नवरात्रि को लेकर भी लोगों से संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस बार बंगाल में नवरात्रि के दौरान देवी की प्रतिमाओं के आसपास नॉनवेज की बिक्री नहीं होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कथित "लव जिहाद" को रोकने की बात भी कही।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि नवरात्रि में केवल मंदिर में स्थापित मां की प्रतिमा में ही नहीं, बल्कि "प्रति मां में भी मां के दर्शन" करने का संकल्प लें। उन्होंने महिलाओं के सम्मान को लेकर भी लोगों को जागरूक होने का संदेश दिया।
बाबा बागेश्वर के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है, जिसमें वे हावड़ा के लिलुआ वर्कशॉप मैदान में चल रही हनुमत कथा के दौरान यह बातें कहते नजर आ रहे हैं।














