छतरपुर/घुवारा, रूपेन्द्र पाल। छतरपुर जिले के बमनौरा थाना क्षेत्र में बेखौफ उपद्रवियों द्वारा शराब दुकान में घुसकर जमकर तोड़फोड़, मारपीट और पथराव करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना बुधवार दोपहर करीब 12 बजे की है, जब थाने से मात्र 600 मीटर की दूरी पर स्थित अंग्रेजी व देशी शराब दुकान में उपद्रवियों ने धावा बोल दिया। शराब के नशे में धुत हमलावरों ने दुकान के कर्मचारियों पर हमला कर दिया, काउंटर में तोड़फोड़ की और रैक में रखी शराब की सैकड़ों बोतलें जमीन पर पटककर फोड़ डालीं। अचानक हुए इस सुनियोजित हमले से आसपास के इलाके और बाजार में दहशत का माहौल बन गया।
वाहनों में तोड़फोड़, उपद्रव में महिलाएं और बुजुर्ग भी रहे शामिल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उपद्रवियों का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ। उन्होंने शराब दुकान के बाहर खड़े एक बोलेरो वाहन को भी लाठी-डंडों से पीटकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की खास बात यह रही कि दुकान पर हमला करने वाली भीड़ में युवाओं के साथ-साथ कुछ महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल नजर आए। अचानक हुए हमले से दुकान में मौजूद सेल्समैन और कर्मचारियों ने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। दुकान संचालक के अनुसार, बोतलों के टूटने और काउंटर क्षतिग्रस्त होने से लाखों रुपये के माल का भारी नुकसान हुआ है।
यह भी पढि़ए: यमुना एक्सप्रेस-वे पर हादसा:AC बस में भीषण आग, 9 यात्री जिंदा जले, 35 यात्रियों को लेकर महोबा जा रही थी स्लीपर बस
एसडीओपी सहित तीन थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा
थाने के नजदीक दिनदहाड़े हुई इस वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। स्थिति की नजाकत को देखते हुए बड़ामलहरा एसडीओपी रोहित सिंह अलावा, बमनौरा थाना प्रभारी कृपाल सिंह मार्को, रामटौरिया चौकी प्रभारी राजकपूर सिंह बघेल और घुवारा चौकी प्रभारी मोहर सिंह सिकरवार भारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित किया और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना कर साक्ष्य संकलित किए।
यह भी पढि़ए: CM डॉ. मोहन यादव 351 हाईटेक बसों को दिखाएंगे हरी झंडी, भोपाल, इंदौर और जबलपुर सहित प्रमुख शहरों में दौड़ेंगी आधुनिक बसें
एक दर्जन से अधिक पर केस दर्ज, 4 आरोपी दबोचे गए
बमनौरा थाना प्रभारी कृपाल सिंह मार्को ने बताया कि शराब दुकान पर हुए इस हमले के मामले में एक दर्जन से अधिक नामजद व अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा, मारपीट, तोड़फोड़ और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। शेष फरार उपद्रवियों की पहचान वीडियो फुटेज और बयानों के आधार पर की जा रही है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।













