छतरपुर, रोहित पाठक। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अक्टूबर माह में बुंदेलखंड के पांच जिलों से होकर करीब 500 किलोमीटर की रथ यात्रा निकालने जा रहे हैं। यह यात्रा 11 से 19 अक्टूबर के बीच प्रस्तावित है, जो छतरपुर, पन्ना, टीकमगढ़, सागर और दमोह जिलों से होकर गुजरेगी। यात्रा में प्रतिदिन करीब 100 किलोमीटर का सफर तय किया जाएगा। यात्रा के दौरान जिन स्थानों पर रात्रि विश्राम होगा, वहां हनुमान जी के नाम पर सामूहिक हवन का आयोजन किया जाएगा। ऑनलाइन हवन कार्यक्रम के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने यात्रा की जानकारी साझा करते हुए लोगों से तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि यह उनकी तीसरी बड़ी यात्रा होगी; इससे पहले बागेश्वर धाम से ओरछा और दिल्ली से वृंदावन तक पदयात्रा निकाली जा चुकी है। शास्त्री ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य सनातनियों को एकजुट करना और भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने के संकल्प को आगे बढ़ाना है।