छतरपुर/महाराजपुर, शिवम चौरसिया। थाना महाराजपुर क्षेत्र के ग्राम फुलारी से दो गाय चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित हनुमत सिंह यादव निवासी टटम के अनुसार, 20 मार्च 2026 की रात करीब 9 बजे उसके घर से दो गाय चोरी हो गई थीं। पीड़ित ने बताया कि तलाश के दौरान अर्जुन पाल ने फुलारी निवासी भरोसी पटेल, उसके पुत्र राजेश पटेल और लक्ष्मण पटेल को गायों को ले जाते हुए देखने की बात कही। मामले में 6 अप्रैल को महाराजपुर थाने में शिकायत देने के बाद 22 अप्रैल को पुलिस अधीक्षक के समक्ष भी आवेदन प्रस्तुत किया गया।
पीड़ित का आरोप है कि शिकायत के बाद संबंधित लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उसने यह भी आरोप लगाया कि थाने से बाहर आने के बाद उसे घर पहुंचकर धमकी दी गई। पीड़ित के मुताबिक, गायों को फुलारी से सेवड़ी की ओर ले जाने की जानकारी भी सामने आई है, लेकिन अभी तक दोनों गायों का पता नहीं चल सका है। कार्रवाई नहीं होने पर 15 सितंबर 2026 को जिला कलेक्टर के समक्ष शिकायत देकर गायों की बरामदगी और मामले की जांच की मांग की गई।
पीड़ित का कहना है कि घटना के करीब छह माह बाद भी उसे अपनी गायों के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है। उसने पुलिस और प्रशासन से शिकायत, कथित प्रत्यक्षदर्शी के बयान, नामजद व्यक्तियों से पूछताछ तथा गायों को ले जाने संबंधी सूचना सहित उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, मामले में आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।




