मैहर, रोहित पाठक। मध्य प्रदेश के विंध्य क्षेत्र स्थित धार्मिक नगरी मैहर में सनातन संवाद कार्यक्रम के दौरान बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर महाराज) ने एक बड़ी घोषणा की है। मैहर प्रवास के दौरान केजेएस सीमेंट परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने ऐलान किया कि आगामी दिनों में मैहर में भव्य 'बागेश्वर मठ' का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस मठ के निर्माण कार्य पूर्ण होने और उद्घाटन के पावन अवसर पर मैहर नगर में तीन दिवसीय भव्य धार्मिक कथा का आयोजन भी किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने कंपनी परिसर में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण सौर ऊर्जा प्लांट का भूमिपूजन भी संपन्न किया।0


बागेश्वर महाराज अपने एक दिवसीय प्रवास के तहत मैहर स्थित केजेएस (KJS) सीमेंट प्लांट परिसर पहुंचे थे। यहां आयोजित सनातन संवाद कार्यक्रम में श्रद्धालुओं और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने भारतीय संस्कृति, सनातन मूल्यों और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। आध्यात्मिक आयोजन के साथ-साथ उन्होंने औद्योगिक परिसर में हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थापित होने वाले आधुनिक सौर ऊर्जा प्लांट (Solar Power Plant) का विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमिपूजन व शिलान्यास किया।


मैहर में बागेश्वर मठ की घोषणा, तीन दिन गूंजेगी कथा की अमृत वर्षा

कार्यक्रम के दौरान बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर ने मैहर में बागेश्वर मठ की स्थापना की औपचारिक रूपरेखा साझा की। उन्होंने कहा कि मां शारदा की इस पावन धरा पर बनने वाला बागेश्वर मठ सनातन संस्कारों और जनकल्याणकारी गतिविधियों का केंद्र बनेगा। उन्होंने घोषणा की कि मठ की प्राण-प्रतिष्ठा और लोकार्पण समारोह के अवसर पर मैहर में तीन दिवसीय विशेष कथा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें संपूर्ण विंध्य और बुंदेलखंड अंचल से बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित होंगे।


डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल, मंत्री विजय शाह और सांसद-विधायक रहे मौजूद

इस भव्य सनातन संवाद कार्यक्रम में मध्य प्रदेश शासन के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, कैबिनेट मंत्री विजय शाह, सतना सांसद गणेश सिंह, मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी तथा विधायक बृजेंद्र कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने बागेश्वर सरकार का स्वागत करते हुए उनके सामाजिक व आध्यात्मिक प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर मैहर जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अमला, केजेएस सीमेंट प्रबंधन के पदाधिकारी, कर्मचारी और विंध्य अंचल के कोने-कोने से पहुंचे हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।