मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मध्य प्रदेश के मंदसौर में बहुचर्चित रवि माली हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन वयस्क और एक नाबालिग शामिल है, जबकि मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस वारदात में अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आ सकती है।
जानकारी के अनुसार 27 जून की सुबह शहर के जग्गाखेड़ी रोड स्थित अभिनंदन क्षेत्र में रवि माली गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले थे। सूचना मिलने पर पुलिस उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने पहले एक नाबालिग आरोपी को इंदौर से हिरासत में लिया। उसकी निशानदेही और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी अजय वर्मा, आशीष वर्मा तथा संदीप उर्फ दिलीप उर्फ काला वर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि करीब ढाई महीने पहले उनके भाई की हत्या हुई थी, जिसमें युवराज माली और उसके साथियों का नाम सामने आया था। इसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के उद्देश्य से आरोपियों ने कथित रूप से युवराज माली के पिता रवि माली को निशाना बनाया और योजनाबद्ध तरीके से हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद किए जा सकें और वारदात की पूरी साजिश का खुलासा हो सके। साथ ही फरार आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

