एरोड्रम थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई नकली फेविक्विक के 15 हजार पाउच जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

Advertisement
इंदौर,रविकांत वर्मा। एरोड्रम थाना पुलिस ने नकली फेविक्विक के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 हजार पाउच जब्त किए हैं। जब्त किए गए माल की अनुमानित कीमत करीब 75 हजार रुपए बताई जा रही है। यह कार्रवाई पिडिलाइट इंडस्ट्रीज लिमिटेड की शिकायत पर की गई है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पिडिलाइट कंपनी ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके उत्पाद फेविक्विक का नकली निर्माण कर बाजार में सप्लाई किया जा रहा है। शिकायत के आधार पर एरोड्रम थाना पुलिस ने कंपनी अधिकारियों के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए सुखदेव विहार मेन रोड पर एक एक्टिवा सवार को रोका।
वाहन की तलाशी के दौरान एक्टिवा से करीब 15 हजार नकली फेविक्विक पाउच बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी की पहचान पियूष पिता संजय मेघानी के रूप में हुई है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह यह नकली माल दिल्ली से मंगवाता था और ऑर्डर मिलने पर सप्लाई करने की तैयारी में था।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस नकली कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले की जांच जारी है।
