भोपाल, जीतेन्द्र यादव। नकली कफ सिरप के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बड़ी सफलता मिलने की उम्मीद है। मामले में फरार चल रहे तीन मास्टरमाइंड आरोपियों पर STF के एडीजी ने 30-30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।


जानकारी के अनुसार, इनामी आरोपियों में अर्जुन मालवीय उर्फ निखिल, नितिन साहू उर्फ राहुल और सलमान खान उर्फ बाबू भाई शामिल हैं। तीनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे हैं और नकली कफ सिरप की सप्लाई चेन से जुड़े बताए जा रहे हैं।


जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध रूप से तैयार और सप्लाई किए जा रहे कफ सिरप को ग्रामीण क्षेत्रों में खपाने का काम करते थे। STF की जांच में इनके नेटवर्क के कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिसके आधार पर लगातार दबिश दी जा रही है।


STF अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। इनके बारे में सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी तथा नियमानुसार इनाम की राशि प्रदान की जाएगी।


नकली कफ सिरप के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए STF द्वारा प्रदेशभर में अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों को उम्मीद है कि इनामी घोषणा के बाद फरार आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी और पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकेगा।