पन्ना/गुनौर, जीतेन्द्र रजक। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बने ककरहटी–देवेंद्रनगर मार्ग की बदहाल स्थिति शुक्रवार को एक बड़े हादसे की वजह बनते-बनते रह गई। सुबह करीब 9:15 बजे खपटहा अहरी के पास पन्ना से देवेंद्रनगर होते हुए कटनी जा रही छंगे राजा बस खराब क्रॉसिंग से गुजरते समय अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई। गनीमत रही कि बस पलटी नहीं और उसमें सवार करीब 25 से 30 यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई।


स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक मार्ग की क्रॉसिंग और सड़क की पटरी लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। सड़क की बदहाली के कारण वाहन चालकों को यहां से गुजरने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित एजेंसियों द्वारा पूर्व में कार्य किए जाने के बावजूद प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के जिम्मेदार अधिकारियों ने सड़क को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए।


ग्रामीणों का कहना है कि पिछले तीन दिनों से मार्ग की बदहाली और दुर्घटना की आशंका को लेकर लगातार खबरें सामने आने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे और न ही सुधार कार्य शुरू कराया गया। शुक्रवार को हुई घटना के बाद विभाग की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।


क्षेत्रवासियों ने बताया कि मार्ग के ऊपर से 33 केवी विद्युत लाइन भी अपेक्षाकृत कम ऊंचाई से गुजर रही है। भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान इसे लेकर भी खतरे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क और विद्युत लाइन से जुड़ी समस्याओं को लेकर संबंधित विभागों के बीच समन्वय की कमी दिखाई दे रही है।


स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग पर पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने प्रशासन और प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अधिकारियों से टूटी क्रॉसिंग, धंसी पटरी सहित सड़क की अन्य खामियों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सुधार नहीं कराया गया तो यहां कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है।