भोपाल (सुबोध त्रिपाठी)। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति (अजजा) मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज सिंह तेकाम ने मध्य प्रदेश में मोर्चा के संगठनात्मक विस्तार और सुदृढ़ीकरण की दिशा में नए जिलाध्यक्षों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल की सहमति के बाद कुल 12 सांगठनिक जिलों में नए कप्तानों की तैनाती की गई है. जारी विज्ञप्ति के अनुसार, इन नियुक्तियों का मुख्य उद्देश्य आदिवासी बाहुल्य और अनुसूचित जनजाति क्षेत्रों में पार्टी की पैठ को और अधिक गहरा करना तथा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाना है.
इस नई संगठनात्मक सूची में बुंदेलखंड के महत्वपूर्ण केंद्र छतरपुर जिले पर पार्टी ने विशेष भरोसा जताया है. क्षेत्र में संगठन को नई धार देने और जनजातीय समाज के बीच पैठ मजबूत करने के उद्देश्य से राममिलन आदिवासी को छतरपुर अजजा मोर्चा का नया जिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया है. स्थानीय कार्यकर्ताओं ने इस निर्णय की सराहना की है. राजनैतिक विश्लेषकों का मानना है कि राममिलन आदिवासी के नेतृत्व में मोर्चा आगामी समय में छतरपुर जिले के सुदूर ग्रामीण अंचलों तक संगठन को सक्रिय करने में कामयाब रहेगा.
शीर्ष नेतृत्व को प्रेषित की गई प्रतिलिपि
सांगठनिक स्तर पर किए गए इन बदलावों की आधिकारिक सूचना भाजपा के राष्ट्रीय एवं प्रांतीय स्तर के शीर्ष नेतृत्व को भेज दी गई है. इनमें मुख्य रूप से राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, अजजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव, प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह, प्रदेश सह-प्रभारी सतीश उपाध्याय, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी एवं प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रतिलिपि भेजी गई है.

